महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : 5 सीटों पर निर्विरोध जीत, 12 सीटों पर कांटे की टक्कर
मुंबई, 4 जून 2026:- महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्रों की 17 सीटों के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया में नामांकन वापस लेने के अंतिम दिन राज्यभर में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिले। महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच चली रणनीतिक राजनीति के बाद पांच सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि 12 सीटों पर सीधा चुनावी मुकाबला तय हो गया है।
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर कई बागी उम्मीदवारों ने अपने आवेदन वापस ले लिए। कुछ स्थानों पर महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों ने संख्या बल की कमी तथा सहयोगी दलों का पर्याप्त समर्थन न मिलने का हवाला देते हुए चुनाव मैदान छोड़ दिया। वहीं महायुति ने भी कई जिलों में अपने बागी उम्मीदवारों को मनाने में सफलता प्राप्त की।
सबसे चर्चित घटनाक्रम रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र में देखने को मिला, जहां उद्धव ठाकरे गुट के उम्मीदवार बाळ माने ने अंतिम समय में अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के अनिकेत तटकरे निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। इस निर्णय के बाद शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के वरिष्ठ नेता संजय राऊत ने बाळ माने को पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की।
पुणे स्थानीय स्वराज संस्था मतदारसंघ में राष्ट्रवादी कांग्रेस के सुनील टिंगरे, भाजपा के बागी उम्मीदवार प्रदीप कंद तथा महाविकास आघाड़ी समर्थित श्रीकांत पाटील ने नामांकन वापस लिया। इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रवादी कांग्रेस के विक्रम काकड़े का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।
ठाणे निर्वाचन क्षेत्र में शरद पवार गुट के अभिजीत पवार द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद शिवसेना के रवींद्र फाटक निर्विरोध विजयी घोषित हुए। वहीं यवतमाल में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की वापसी के बाद शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार शैलेश कुमार अग्रवाल तथा अपक्ष उम्मीदवार सुधीर कोठारी ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिससे भाजपा के अरुण लखानी निर्विरोध विजयी घोषित हुए।
पांच उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
अरुण लखानी (भाजपा) – वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली
विक्रम काकड़े (राष्ट्रवादी कांग्रेस) – पुणे
रवींद्र फाटक (शिवसेना) – ठाणे
अनिकेत तटकरे (राष्ट्रवादी कांग्रेस) – रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग
दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना) – यवतमाल
इन 12 सीटों पर होगा सीधा मुकाबला
सोलापुर
राजेंद्र राऊत (भाजपा) बनाम वसंतराव देशमुख (राष्ट्रवादी कांग्रेस-शरद पवार)
अहिल्यानगर
प्राजक्त तनपुरे (भाजपा) बनाम दत्तात्रय पानसरे (अपक्ष)
जळगांव
नंदकिशोर महाजन (भाजपा) बनाम शरद तायडे (उद्धव ठाकरे शिवसेना) बनाम रेश्मा काळे (बागी)
सांगली-सातारा
धैर्यशील कदम (भाजपा) बनाम अभयसिंह जगताप (राष्ट्रवादी कांग्रेस-शरद पवार) बनाम किशोर धुमाळ (अपक्ष)
नांदेड़
अमर राजूरकर (भाजपा) बनाम रामदास पाटील (कांग्रेस)
भंडारा-गोंदिया
नरेश ईश्वरकर बनाम अविनाश ब्राह्मणकर (भाजपा)
नाशिक
नरेंद्र दराडे (शिवसेना) बनाम गोकुळ गीते (अपक्ष)
अमरावती
प्रवीण पोटे पाटील (भाजपा) बनाम हर्षदीप देशमुख (कांग्रेस) बनाम निलेश विश्वकर्मा (वंचित बहुजन आघाड़ी)
धाराशिव-लातूर-बीड
बसवराज पाटील (भाजपा) बनाम महेश देशमुख (कांग्रेस)
परभणी-हिंगोली
सईद खान (शिवसेना) बनाम डॉ. विवेक नावंदर (उद्धव ठाकरे शिवसेना) बनाम सुशील देशमुख (अपक्ष)
छत्रपति संभाजीनगर-जालना
सुहास शिरसाट (भाजपा) बनाम गणेश लोखंडे (उद्धव ठाकरे शिवसेना)
नागपुर (उपचुनाव)
डॉ. राजीव पोतदार (भाजपा) बनाम अतुल लोंढे (कांग्रेस)
चुनाव परिणामों पर पूरे राज्य की नजर
महाराष्ट्र विधान परिषद की इन चुनावों को आगामी स्थानीय निकाय तथा विधानसभा चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पांच सीटों पर निर्विरोध जीत से महायुति को शुरुआती बढ़त मिली है, जबकि शेष 12 सीटों पर होने वाले मुकाबले में महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों के परिणाम राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अब सभी की निगाहें मतदान और मतगणना पर टिकी हुई हैं।
